पौड़ी , अक्टूबर 21 -- उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देते हुए जिला पौड़ी गढ़वाल में 23 अक्टूबर से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) और कंट्रोल यूनिट (सीयू) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू होगी। जांच प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी कड़ी में बुधवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि प्रथम स्तरीय जांच के लिए चुनाव आयोग के 10 इंजीनियरों के साथ 40 श्रमिक तैनात रहेंगे। जांच प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। ईवीएम, वीवीपैट और कंट्रोल यूनिट की जांच निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जाएगी।
श्री चौहान ने संबंधित अधिकारियों को जांच स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के साथ अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को जांच स्थल पर स्वास्थ्य टीम तैनात करने तथा विद्युत, भवन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि जांच प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित