पौड़ी , जून, 20 -- उत्तराखंड के पौड़ी में 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले शनिवार को 'रन फॉर योग' का आयोजन किया गया।
जिला प्रशासन तथा आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में युवाओं, विद्यार्थियों , अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली का शुभारंभ एजेंसी चौक से स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी तथा अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली एजेंसी चौक से प्रारंभ होकर माल रोड, बस अड्डा, धारा रोड और कलेक्ट्रेट परिसर होते हुए पुनः एजेंसी चौक पहुंची। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने योग के महत्व को दर्शाते नारों और संदेशों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर श्री पोरी ने कहा कि योग भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत है, जिसने विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में योग स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर ढंग से जीने की एक प्रभावशाली विधा है, जो व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में सहायक है।
रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष उत्साह प्रदान किया। प्रतिभागियों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र पांडेय, जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी, आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश सेमवाल, खंड शिक्षा अधिकारी आदर्श सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। योग के प्रति युवाओं का जोश और उत्साह इस रैली की सबसे बड़ी विशेषता रहा, जिसने पूरे नगर में स्वास्थ्य और जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित