पौड़ी , मार्च 02 -- उत्तराखंड में होली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ सख़्ती बढ़ा दी है। पौड़ी जनपद में मिठाई, दूध, दुग्ध उत्पाद एवं फलों के रस सहित विभिन्न खाद्य एवं पेय पदार्थों के कुल 135 नमूने जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग पौड़ी के सहायक आयुक्त पी.सी. जोशी ने सोमवार को कहा कि होली के दौरान बाजारों में बढ़ती मांग को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर निरीक्षण एवं निगरानी बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि विभागीय कार्रवाई के तहत पांच खाद्य व्यवसाय संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन न करने पर मामला दर्ज करने की स्वीकृति प्रदान की गयी है। वर्तमान में जनपद में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत 41 दीवानी वाद अपर जिलाधिकारी न्यायालय तथा पांच आपराधिक वाद मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय पौड़ी में विचाराधीन हैं, जिनमें न्यायिक प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने कहा कि विभाग ने उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान बाजारों में अधिकांश खाद्य सामग्री पूर्व-पैक अवस्था में उपलब्ध है, इसलिए उपभोक्ता सामग्री खरीदने से पहले पैकेट पर निर्माता का नाम-पता, निर्माण तिथि एवं उपभोग की अंतिम तिथि अवश्य जांच लें तथा खरीद की रसीद अवश्य प्राप्त करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित