पौड़ी , सितंबर, 14 -- महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की मिशन शक्ति के तहत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटागढ़, कल्जीखाल में सोमवार को एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में किशोर-किशोरियों को महिला एवं बाल सुरक्षा, लैंगिक अपराध, घरेलू हिंसा और बाल संरक्षण से जुड़े अधिकारों एवं प्रावधानों की जानकारी दी गई। मिशन शक्ति वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, असुरक्षा या अनुचित व्यवहार की स्थिति में बच्चे और महिलाएं संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कार्यशाला में विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच की जानकारी देते हुए अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी असहज अथवा अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप रहने के बजाय भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें और जरूरत पड़ने पर संबंधित हेल्पलाइन या सक्षम स्तर से सहायता लें।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या माधवी पुण्डरी, सहायक अध्यापिका मीनाक्षी कोहली, संजय कुमार चंदोला समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित