पौड़ी , मई 15 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिले की मरोड़ा ग्राम पंचायत में युवा महिला ग्राम प्रधान के साथ कथित अभद्रता का मामला इन दिनों पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और आरोपों के बाद मामला थाने तक पहुंचा, जहां पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया। इस दौरान 75 वर्षीय बुजुर्ग ने ग्राम प्रधान से माफी मांगते हुए उनके पैर छूकर खेद प्रकट किया।
शुक्रवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान वीरा रावत ने आरोप लगाया कि गांव का एक बुजुर्ग व्यक्ति उनके चरित्र को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कर रहा था। ग्राम प्रधान के मुताबिक, 12 मई की शाम वह गांव के निरीक्षण पर थीं, तभी उन्होंने संबंधित व्यक्ति से इस विषय में बातचीत की। आरोप है कि बातचीत के दौरान बुजुर्ग ने अचानक आक्रोशित होकर अभद्र व्यवहार किया और उनका हाथ पकड़कर जबरन गौशाला की ओर खींचने लगा। सुश्री रावत का कहना है कि इस दौरान वह लगातार धमकी भरे शब्द बोल रहा था, जिससे वह भयभीत हो गईं।
पुलिस ने आज बताया कि मामला पुलिस तक पहुंचा। थाने में दोनों पक्षों को बुलाकर समझौते का प्रयास किया गया, जिसके बाद बुजुर्ग व्यक्ति ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली।
उल्लेखनीय है कि माफी मांगने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में इसको लेकर विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
एक ओर जहां लोग महिला जनप्रतिनिधियों के सम्मान और सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं, वहीं कुछ लोगों का मानना है कि सामाजिक विवादों का समाधान गरिमा और संवेदनशीलता के साथ होना चाहिए। हालांकि पुलिस की मध्यस्थता के बाद फिलहाल मामला शांत बताया जा रहा है।
ग्राम प्रधान रावत ने सोशल मीडिया पर अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि एक महिला जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें लगातार सामाजिक चुनौतियों और मानसिक दबाव का सामना करना पड़ता है। वहीं दूसरी ओर बुजुर्ग पक्ष की ओर से अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित