पौड़ी , अक्टूबर, 26 -- उत्तराखंड के पौड़ी शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विकास कार्यों में तेजी लाने की कवायद शुरू हो गई है।
आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश ने सोमवार को शहर में निर्माणाधीन पार्किंग, प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग और विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ निर्धारित समय सीमा में परियोजनाएं पूरी करने पर जोर दिया।
सचिव ने अपर चोपड़ा में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत निर्माणाधीन 30 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग को इस पार्किंग का निर्माण एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जीएमवीएन के समीप बनी 70 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शहर में पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में सचिव ने पावर हाउस क्षेत्र में प्रस्तावित 300 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग के लिए चिह्नित स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना की अनुमानित लागत का पुनर्मूल्यांकन कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने और शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन हेरिटेज संग्रहालय और वीर भूमि स्थल के कार्यों की भी समीक्षा की गई। सचिव ने दोनों परियोजनाओं में तेजी लाकर निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने को कहा। इसके अलावा सर्किट हाउस स्थित गेस्ट हाउस का पहाड़ी शैली में नवीनीकरण करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा हेरिटेज संग्रहालय में सजावट संबंधी कार्यों की योजना बनाकर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित