पौड़ी , अक्टूबर 14 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, निवेश प्रस्तावों को गति देने और युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में जिला उद्योग मित्र समिति की बुधवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं, आधारभूत सुविधाओं, निवेश प्रस्तावों, निर्यात प्रोत्साहन और विभिन्न विभागों की स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में कोटद्वार के सिताबपुर औद्योगिक क्षेत्र में रिक्त भूखंडों के आवंटन, मशरूम उत्पादन, ऑटोमोबाइल वर्कशॉप, फर्नीचर और स्टील अलमारी निर्माण जैसी औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई। सीडीओ ने औद्योगिक क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए नालियों की मरम्मत एवं निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही शौचालय निर्माण के आगणन को स्वीकृति प्रदान की गई।
सिडकुल ग्रोथ सेंटर सिगड्डी में सड़क मरम्मत, मुख्य प्रवेश द्वार और नाम-पट्टिका सुधारने के कार्यों की भी समीक्षा की गई। नदी के समीप भूमि संरक्षण के लिए वन विभाग से समन्वय कर आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। औद्योगिक क्षेत्रों में कचरा संग्रहण, सफाई और नाली निर्माण की व्यवस्था बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में उत्तराखंड उद्यम एकल खिड़की व्यवस्था के तहत लंबित निवेश प्रस्तावों और विभागीय अनुमतियों की समीक्षा की गई। खनन, बायोमास ब्रिकेट, लकड़ी के पैनल, जल शोधन, सीवेज रिसाइक्लिंग, फार्मास्यूटिकल और सोलर प्लांट सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
निर्यात को बढ़ावा देने के लिए निर्यात हेल्प डेस्क, निर्यात कार्ययोजना, एक्सपोर्ट कैटलॉग तैयार करने और बॉयर-सेलर मीट आयोजित करने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों को निर्यात गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित