पौड़ी , अप्रैल 25 -- उत्तराखंड के पौड़ी में अव्यवस्थित पार्किंग से उत्पन्न हो रही यातायात समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए संयुक्त अभियान चलाया।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और नगर पालिका की टीम ने प्रमुख बाजार क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग की।
संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को चले इस अभियान के तहत एजेंसी चौक, माल रोड, पौड़ी-श्रीनगर बस अड्डा, धारा रोड और अपर बाजार जैसे व्यस्त इलाकों में रात्रिकालीन पैदल गश्त कर निरीक्षण किया गया। इस दौरान सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े वाहनों और नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान में कुल 35 वाहनों का चालान किया गया। वहीं, एक मोटरसाइकिल चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े जाने पर संबंधित वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया।
श्रीमती जोशी ने कहा कि अव्यवस्थित पार्किंग से यातायात बाधित होता है और आम लोगों को असुविधा होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित