पौड़ी 25मार्च (वार्ता) उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित जिला सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में खाद्य संरक्षा विभाग की ओर से जिला स्तरीय सलाहकार समिति (सुरक्षित भोजन एवं स्वस्थ आहार) की बैठक आयोजित की गयी।
इस दौरान श्रीमती भदौरिया ने बताया बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी ने विभाग द्वारा की गई प्रवर्तन कार्रवाई, सैंपलिंग, निरीक्षण और जागरूकता अभियानों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। सैंपलिंग के निर्धारित लक्ष्यों में कमी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि लक्ष्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं।
जिलाधिकारी ने रुद्रपुर स्थित राजकीय प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने में हो रही देरी पर भी चिंता व्यक्त की और संबंधित प्रयोगशाला से समन्वय कर समयबद्ध रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद स्तर पर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने को कहा, ताकि जांच प्रक्रिया तेज और प्रभावी हो सके।
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 'ईट राइट कैंपस' अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक विद्यालयों और सरकारी संस्थानों का अनिवार्य पंजीकरण कराने के निर्देश भी दिए गए।
खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पौड़ी, श्रीनगर और कोटद्वार में स्थित स्लॉटर हाउस को एक माह के भीतर संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, पुलिस क्षेत्राधिकारी तुषार बोरा, जिला शिक्षाधिकारी अंशुल बिष्ट, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित