पौड़ी 13मार्च (वार्ता) वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कमी ने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के होटल, ढाबा और रेस्तरां मालिकों के लिए चुनौती खड़ी कर दी है।
होटल व्यवसायियों का कहना है कि मौजूदा स्टॉक से फिलहाल संचालन चल रहा है, लेकिन अगर गैस आपूर्ति पूरी तरह बंद रहती है, तो कुछ प्रतिष्ठानों को बंद करना पड़ सकता है। होटल संचालक दीपेंदर काला ने बताया कि उनके पास दो दिन का स्टॉक बचा है और इसके बाद सिलेंडर न मिलने पर होटल बंद करना पड़ सकता है। सतेन्द सिह नेगी, मधुबन होटल एवं रेस्टोरेंट और देवेंद्र सिंह बिष्ट, रैली'एस होटल के संचालक भी इसी समस्या की ओर इशारा करते हुए बताया कि व्यवसाय चलाने में कठिनाई हो रही है। व्यवसायिक सिलेंडरों की कमी के कारण होटल संचालन पर गंभीर असर पड़ रहा है।
जिला पंचायत सदस्य बुद्धि सिंह ने सरकार से तत्काल कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ाने की मांग की। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि फिलहाल लोगों को घरेलू गैस की आपूर्ति जारी है, लेकिन कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित है। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि कमर्शियल सिलेंडर न मिलने से होटल संचालकों को भारी परेशानी हो रही है।
होटल संचालक अस्थायी तौर पर इंडक्शन और वैकल्पिक खाना पकाने के तरीकों का उपयोग कर संचालन जारी रखने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान शीघ्र न होने पर कई प्रतिष्ठानों को बंद करना पड़ सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित