पौड़ी गढ़वाल 25मार्च (वार्ता) उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल की जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय में सड़क निर्माण से जुड़े लंबित भूमि आपत्तियों और मुआवजा प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अभियान के रूप में त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।

श्रीमती भदौरिया ने बुधवार को कहा कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाए, ताकि सड़क निर्माण और विकास कार्यों में कोई बाधा न आए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन प्रकरणों में मुआवजा शासन स्तर को भेजना है, उन्हें तुरंत प्रेषित किया जाए और प्राप्त धनराशि का पारदर्शी एवं समयबद्ध वितरण किया जाए।

भूमि आपत्तियों के समाधान के लिए राजस्व, वन और लोक निर्माण विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर संयुक्त निरीक्षण, सीमांकन और अभिलेख सत्यापन प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों की निरंतर निगरानी और नियमित समीक्षा के माध्यम से 100 प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

वन भूमि संबंधी प्रकरणों में प्रभागीय वनाधिकारियों को लंबित मामलों और भूमि चयन की नियमित समीक्षा करने को कहा गया, ताकि स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित