देहरादून , अक्तूबर 01 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद के अंतर्गत कोतवाली कोटद्वार में एक व्यक्ति को अभद्रता एवं धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह व्यक्तिपूर्व में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिलने दिल्ली गया था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि वादी संजीव टोंक द्वारा कोतवाली कोटद्वार में एक प्रार्थना-पत्र दिया गया, जिसमें आरोप लगाया गया कि दीपक उर्फ अक्की उर्फ मोहम्मद दीपक द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी दी गई।

शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा संख्या 240/2026 के अंतर्गत धारा 351(2), 352 बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 196 एवं 115 बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल जांच प्रारम्भ की गई।

जांच के दौरान घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज एवं उपलब्ध फोटो और वीडियो साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। इनके अवलोकन से प्रथम दृष्टया यह तथ्य प्रकाश में आया कि आरोपी द्वारा वादी के साथ गाली-गलौज करने के साथ-साथ धमकी भी दी गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का पूर्व में भी विभिन्न सामाजिक विवादों से जुड़े मामलों में नाम सामने आता रहा है, जिनके कारण क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई थी।

उपलब्ध साक्ष्यों, आरोपी की गतिविधियों तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावनाओं के दृष्टिगत कोटद्वार पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक उर्फ अक्की उर्फ मोहम्मद दीपक को गिरफ्तार किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित