पौड़ी , मई, 28 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में चलाए जा रहे राशन कार्ड सत्यापन अभियान के तहत खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 7254 अपात्र राशन कार्ड निरस्त कर दिए हैं। इन कार्डों से संबंधित 28,087 यूनिट भी हटाई गई हैं।
प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य वास्तविक जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी क्षेत्रों में राशन कार्डों का सत्यापन कार्य लगातार जारी है। फरवरी 2026 तक संचालित अभियान में 6,151 राशन कार्ड निरस्त किए गए थे, जिनमें 23,337 यूनिट शामिल थीं। इसके बाद 28 अप्रैल 2026 से शुरू किए गए नवीन सर्वे में भी बड़ी संख्या में अपात्र लाभार्थियों की पहचान की गई। नवीन सर्वे के दौरान अब तक 1,103 राशन कार्ड निरस्त किए जा चुके हैं, जिनसे संबंधित 4,750 यूनिट हटाई गई हैं।
नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में भी व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई है। यहां फरवरी 2026 तक 2,390 राशन कार्ड निरस्त किए गए थे, जिनमें 10,667 यूनिट शामिल थीं। वहीं नवीन सर्वे के दौरान 576 अतिरिक्त राशन कार्ड निरस्त किए गए, जिनसे संबंधित 2,530 यूनिट हटाई गईं। इस प्रकार कोटद्वार क्षेत्र में कुल 2,966 राशन कार्ड तथा 13,197 यूनिट निरस्त की जा चुकी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित