पौड़ी , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई गंभीर अव्यवस्थाएं सामने आईं, जिस पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल भवन की जर्जर स्थिति पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि भवन उपयोग योग्य नहीं है तो उसे ध्वस्त किया जाए, अन्यथा प्राथमिकता के आधार पर उसकी मरम्मत कराई जाए। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की प्रचार सामग्री लंबे समय से भंडारित मिलने पर उसे तत्काल ग्रामीण क्षेत्रों में वितरित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही भी उजागर हुई। ओपीडी समय में फ्री डायग्नोस्टिक सेवा का प्रतिनिधि अनुपस्थित मिला, जिस पर डीएम ने भुगतान रोकने के निर्देश दिए। लैब टेक्नीशियन और डायग्नोस्टिक सुविधाओं के अभाव को गंभीर मानते हुए प्रभारी चिकित्साधिकारी का वेतन रोक दिया गया तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने दवा वितरण, बायोमेट्रिक उपस्थिति, दवा भंडारण और उपलब्धता की भी जांच की। उन्होंने दवाओं का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर नियमित रूप से अपडेट रखने पर जोर दिया, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में बढ़ते बीपी और हाइपरटेंशन के मामलों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिाकरी ने चिकित्सकों को प्रभावी उपचार और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। पिछले चार महीनों में कराए गए प्रसवों का सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने पाया कि गर्भवती महिलाओं और प्रसव से संबंधित आंकड़ों का सही सत्यापन नहीं हो रहा है, जिस पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
अस्पताल में उपकरणों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। स्टॉक रजिस्टर के अभाव पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए सभी उपकरणों का अद्यतन रजिस्टर तैयार करने और उनके रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाओं को पारदर्शी व प्रभावी बनाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित