पौड़ी , अक्टूबर 04 -- रोजगार की तलाश में पहाड़ से शहरों की ओर पलायन की कहानियां आम हैं लेकिन कोट ब्लॉक के कांडई गांव निवासी संजीव बछेती ने 26 साल शहर में बिताने के बाद गांव लौटकर स्वरोजगार की ऐसी राह चुनी, जो अब अन्य लोगों के लिए भी रोजगार का माध्यम बन रही है।
वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान गांव लौटे संजीव ने वापस शहर जाने के बजाय यहीं कुछ नया करने का निर्णय लिया और मसाला कारोबार की शुरुआत की। आज उनका कारोबार 'मांजी मसाले' के नाम से पहचान बना चुका है और पौड़ी के साथ टिहरी, देहरादून समेत अन्य शहरों तक उनके उत्पाद पहुंच रहे हैं।
प्रधानमंत्री रोजगार योजना का लाभ लेकर संजीव ने गांव में मसाला यूनिट स्थापित की। शुरुआत हल्दी, मिर्च और धनिया से हुई, लेकिन धीरे-धीरे कारोबार का विस्तार करते हुए अब यूनिट में हरी इलायची, बड़ी इलायची, तेजपत्ता के साथ मंडुवा, झंगोरा और विभिन्न पहाड़ी दालों के उत्पाद भी तैयार किए जा रहे हैं। आसपास के गांवों से कच्चा माल लेकर उसकी सफाई, पिसाई और पैकिंग का काम यूनिट में ही किया जाता है।
संजीव ने अपने कारोबार को परिवार तक सीमित न रखते हुए ग्रामीणों को भी रोजगार से जोड़ा है। यूनिट में चार महिलाएं उत्पादन और मार्केटिंग से जुड़ी हैं, जबकि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में तीन अन्य लोग सहयोग कर रहे हैं। उनकी पत्नी और बड़ा बेटा भी कारोबार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस तरह करीब आठ लोग प्रत्यक्ष रूप से इस स्वरोजगार गतिविधि से जुड़े हैं।
संजीव के बड़े पुत्र अक्षत बछेती ने दिल्ली-एनसीआर से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद शहर में नौकरी करने के बजाय गांव में रहकर पिता के कारोबार में सहयोग करने का फैसला किया। वहीं यूनिट से जुड़ी कविता देवी और दीप्ति देवी सहित ग्रामीण महिलाएं घरेलू जिम्मेदारियों के साथ गांव के नजदीक रोजगार मिलने से संतुष्ट हैं।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि संजीव बछेती ने प्रधानमंत्री रोजगार योजना के तहत मसाला यूनिट के लिए ऋण लिया, जिसमें उन्हें 35 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ मिला। उन्होंने कहा कि यूनिट बेहतर ढंग से संचालित हो रही है और उत्पादों की मांग अन्य जनपदों में भी बढ़ रही है। जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों में स्टॉल उपलब्ध कराकर उनके उत्पादों को बाजार और पहचान दिलाने में सहयोग किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित