पौड़ी , जुलाई 24 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक के मार्गदर्शन में जनपद पौड़ी गढ़वाल में आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।
पायलट प्रोजेक्ट के तहत आपदा मद से खरीदे गए बुशकटर शुक्रवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने 55 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को वितरित किए।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में चयनित ग्राम पंचायतों को बुशकटर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम प्रधानों को मौके पर ही मशीनें सौंपी गईं, जबकि अन्य ग्राम प्रधान संबंधित तहसीलों से इन्हें प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि पायलट प्रोजेक्ट के परिणाम और ग्राम पंचायतों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर भविष्य में इस योजना का विस्तार अन्य पंचायतों तक भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में सड़कों, संपर्क मार्गों, पैदल रास्तों, सार्वजनिक स्थलों और जल निकासी मार्गों के किनारे तेजी से बढ़ने वाली झाड़ियां आवागमन के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्यों में भी बाधा उत्पन्न करती हैं। बुशकटरों के माध्यम से इनकी समयबद्ध सफाई होने से दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकेंगे।
उन्होंने ग्राम प्रधानों से बुशकटरों का नियमित एवं जिम्मेदारी के साथ उपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह पहल केवल झाड़ियों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों में स्वच्छता, सुरक्षित आवागमन और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को भी सशक्त बनाएगी। साथ ही ग्राम पंचायतों से नियमित फीडबैक लेकर योजना को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
बुशकटर प्राप्त करने वाले ग्राम प्रधानों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे गांवों, संपर्क मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर उगी झाड़ियों की नियमित सफाई संभव होगी। इससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, जंगली जानवरों का खतरा कम होगा और आपदा संबंधी जोखिमों में भी कमी आएगी। थली गांव की ग्राम प्रधान साधना रावत ने इसे ग्राम पंचायतों के लिए बेहद उपयोगी पहल बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, सहायक जिला पंचायतीराज अधिकारी प्रदीप सुन्दरियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित