ग्रेटर नोएडा , मई 21 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पोस्ट ऑफिस में कार्यरत एक कर्मचारी की कार को एलजी गोलचक्कर के पास बाइक और कार सवार करीब छह लोगों ने घेर लिया और उस पर हमला करने का प्रयास किया।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि घटना की सूचना मिलते ही थाना सूरजपुर पुलिस सक्रिय हो गई। पीड़ित की शिकायत के आधार पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्ध वाहन और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित सुमित कुमार यादव पुत्र रघुवीर यादव, निवासी सिद्धार्थ अपार्टमेंट, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर, अल्फा फर्स्ट स्थित पोस्ट ऑफिस में कार्यरत हैं। सुमित कुमार यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 मई की रात वह ऑफिस से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सूरजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एलजी गोलचक्कर के पास एक कार और मोटरसाइकिल पर सवार कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया।
बदमाशों ने उनकी कार का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। खुद को घिरता देख उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए कार को तेजी से वहां से निकाला और करीब एक किलोमीटर दूर सड़क पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों के पास जाकर गाड़ी रोकी। वहां उन्होंने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित