चंडीगढ़ , अक्टूबर 08 -- हरियाणा में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने पलवल से नूंह ड्यूटी लगवाने के नाम पर चार हजार रुपये रिश्वत लेते एक होमगार्ड को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी अनिश ने शिकायतकर्ता से पोस्टिंग बदलवाने के लिए सात हजार रुपये मांगे थे और तीन हजार रुपये पहले ही ले चुका था।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी हिसार मंडल के भिवानी उपकेंद्र की टीम ने ट्रैप लगाया। शेष चार हजार रुपये लेते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में नूंह के सेंटर कमांडर विक्रम की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ आज गुरुग्राम स्थित एसीबी थाने में मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई स्वतंत्र गवाह और राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में की गई। मामले की आगे जांच जारी है। एसीबी ने लोगों से सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत तुरंत करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित