खरगोन , मई 27 -- लोकायुक्त संगठन की इंदौर इकाई ने खरगोन जिले के मंडलेश्वर स्थित शासकीय महाविद्यालय के एक सहायक प्राध्यापक को पोस्टिंग कराने के नाम पर 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

लोकायुक्त इंदौर के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय ने बताया कि आरोपी की पहचान आत्माराम सोलंकी के रूप में हुई है, जो शासकीय महाविद्यालय मंडलेश्वर में सहायक प्राध्यापक के पद पर पदस्थ हैं।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता मनोज वास्केल ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी उर्मिला वास्केल का चयन लोक सेवा आयोग के माध्यम से सहायक प्राध्यापक पद पर हुआ था। प्रारंभिक पदस्थापना दलौदा (मंदसौर) में होने के बाद आरोपी ने धार महाविद्यालय में पदस्थापना कराने के नाम पर चार लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी।

लोकायुक्त के अनुसार आरोपी अब तक एक लाख रुपए ले चुका था और शेष राशि की मांग कर रहा था। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को आरोपी ने शिकायतकर्ता को धामनोद बायपास स्थित मधुबन ढाबे पर बुलाया था। वहां शिकायतकर्ता से रिश्वत की किश्त के रूप में 50 हजार रुपए लेते समय लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

ट्रैप दल का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान ने किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित