भरतपुर , सितम्बर 12 -- राजस्थान में भरतपुर जिले के बयाना में शनिवार को पत्थर मजदूर की सिलिकोसिस से हुई मौत के बाद चिकित्सक द्वारा शव के पोस्टमार्टम के लिए परिजनों को छह घण्टों तक इंतजार कराए जाने के मामले को लेकर शनिवार को लोगों ने हंगामा कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बयाना उपखंड के गुरधा डांग निवासी चंद्र सिंह जाटव सिलिकोसिस से पीड़ित था जिसकी शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो जाने पर परिजन उसे बयाना अस्पताल लाए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया और शव पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी बयाना के राजकीय अस्पताल स्थित शवगृह पहुंची। किंतु बार-बार फोन करने के बावजूद भी थाना गढ़ी बाजना क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी अधिकारी पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए बयाना नहीं पहुंचे। इस पर परिजनों और अन्य लोगों ने हंगामा कर दिया।

हंगामे की शिकायत शनिवार शाम को जब उच्चाधिकारियों तक पहुंची तो फटकार के बाद गढ़ी बाजना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी अधिकारी पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए बयाना पहुंचे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित