जयपुर , अप्रैल 10 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि उनके निर्देशन में राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा तथा पोषण महीना के नियमित आयोजनों से छह वर्ष तक के बच्चों के पोषण के प्रति जागरुकता का वातावरण तैयार हुआ है।
श्रीमती दिया कुमारी अष्टम राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा के दूसरे दिन शुक्रवार को जयपुर के विद्याधर नगर सेक्टर-चार में वार्ड संख्या 24 की आंगनबाड़ी केन्द्र पर आयोजित पोषण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन के पहले छह साल सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान सही पोषण और देखभाल के लिए पूरे समुदाय की भागीदारी जरुरी है, सही पोषण से ही देश रोशन होगा।
उन्होंने कहा कि पोषण पखवाड़ा में इस बार भी राजस्थान को प्रथम स्थान मिले इसके लिए आईसीडीएस को कड़ी मेहनत करनी होगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जो बच्चें आज जन्म ले रहे हैं वो 2047 तक पूर्ण युवा हो जाएंगे। यदि उन बच्चों को सही पोषण शिक्षा और स्वास्थ्य प्रदान किया जाए तो 2047 में जब वे युवा होकर देश का नेतृत्व करेंगे तो देश का भविष्य निश्चित ही सुरक्षित और मजृबूत हाथों में होगा और देश दुनिया में अपनी अलग पहचान कायम कर सकेगा।
श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि बच्चों के पोषण के प्रति जागरूकता लाने के लिए ही यह नौ से 23 अप्रैल तक केन्द्र सरकार और राज्य सरकार की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों पर आठवां पोषण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पोषण दूत बताया।
उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित आंगबाड़ी कार्यकर्ताओं और आम महिलाओं को पोषण की शपथ दिलवाई वहीं उन्होंने नवचेतन मार्गदर्शिका का विमोचन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने पोषण पखवाड़ा के तहत आयोजित पोषण प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया वहीं आंगनबाड़ी के बच्चों को न्यूट्री बार का वितरण किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित