पोलैंड के क्राको में अंधाधुंध गोलीबारी से छह की मौत और 16 घायल, राष्ट्रीय शोक घोषितक्राको, 08 नवंबर (वार्ता) पोलैंड के दक्षिणी ऐतिहासिक शहर क्राको में शनिवार दोपहर को हुई एक भीषण सामूहिक गोलीबारी की घटना में छह लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए।
इस घटना के बाद देश में कई दिनों के राष्ट्रीय शोक की शुरुआत हो गई है और क्राको के मेयर लुकाज गिबाला ने शहर में 11 नवंबर तक शोक घोषित किया है।
स्थानीय समयानुसार शनिवार दोपहर करीब तीन बजे, एक 25 वर्षीय स्थानीय संदिग्ध व्यक्ति सैन्य जैसी पोशाक पहनकर और सैन्य हथियारों से लैस होकर क्राको के ऐतिहासिक मेन मार्केट स्क्वायर में गाड़ी घुसा दी और अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
पुलिस के अनुसार, यह हमला लगभग तीन मिनट तक चला, जिसके दौरान दुकानों के कांच टूट गए और एक गोली ट्राम से भी जा टकराई। इस गोलीबारी में चार महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हो गई, जिनमें तीन पोलिश और एक ब्रिटिश नागरिक शामिल है, जबकि दो अन्य की पहचान अभी नहीं हो पाई है। घायलों में ऑस्ट्रिया, जर्मनी, पुर्तगाल, रूस और ब्रिटेन के पांच विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध को गोली मारकर घायल कर दिया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सर्जरी के बाद उसकी हालत स्थिर लेकिन गंभीर बनी हुई है।
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने पुलिस कर्मियों की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना संभवतः कई लोगों की जान बचाई है। घायलों में दो पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं, जिनकी सर्जरी की गई है।
जांच का दायरा बढ़ाते हुए जब आतंकवाद-रोधी पुलिस और अधिकारियों ने क्राको से लगभग 120-125 मील दूर ओस्ट्रोविएक श्विएतोक्रज़िस्की में स्थित संदिग्ध के पारिवारिक घर की तलाशी ली, तो वहां तीन और शव बरामद हुए। पुलिस ने इनकी पहचान संदिग्ध की बहन, मां और पिता के रूप में की है।
अभियोजन सेवा के प्रवक्ता ने बताया कि कुल मिलाकर दो जगहों से 11 हथियार बरामद किए गए हैं, जो संदिग्ध और उसके पिता को जारी किए गए परमिटों की संख्या से मेल खाते हैं।
अभियोजकों और प्रधानमंत्री ने पुष्टि की है कि इस बात की प्रबल संभावना है कि दोनों जगहों की हत्याएं एक ही व्यक्ति द्वारा की गई हैं। रक्षा मंत्री व्लादिस्लाव कोसिनियाक-कामिश ने उन रिपोर्टों को खारिज किया है, जिनमें संदिग्ध के सेना में होने का दावा किया जा रहा था।
हत्याओं के पीछे के स्पष्ट मकसद का अभी आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है, लेकिन गृह मंत्री मार्किन किएरविंस्की ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती साक्ष्यों से सब कुछ यही संकेत देता है कि संदिग्ध व्यक्ति अति-राष्ट्रवादी और कट्टर दक्षिणपंथी विचारधारा से प्रेरित था।
इस भयावह घटना ने उस देश को स्तब्ध कर दिया है, जहां यूरोप के सबसे सख्त हथियार नियम लागू हैं। प्रमुख समाचार पत्र 'जेचपोस्पोलिटा' ने इसे उस दौर का क्रूरतापूर्ण अंत बताया है, जिसमें पोलैंड को एक सुरक्षित द्वीप माना जाता था।
घटना के बाद डिजिटल मामलों के मंत्री क्रिस्तोफ गावकोव्स्की ने बताया कि सोशल मीडिया पर गलत सूचनाओं के प्रसार में बढ़ोतरी देखी गई है, जिसके चलते पोलैंड के 'गलत सूचना से निपटने वाले केंद्र' को आपातकालीन निगरानी मोड में लाना पड़ा है।
राष्ट्रपति कैरोल नवरोकी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम सहित चेक गणराज्य, यूक्रेन और अन्य पड़ोसी देशों के नेताओं ने इस त्रासदी पर गहरा शोक व्यक्त किया है तथा पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं भेजी हैं। राजधानी वारसॉ सहित पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित