सुकमा , अगस्त 29 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में बालिका पोटाकेबिन पोलमपल्ली की 47 छात्राओं के दो दिनों के भीतर बीमार पड़ने का मामला सामने आया है। छात्राओं में बुखार, उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद उन्हें उपचार के लिए दोरनापाल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पोटाकेबिन पोलमपल्ली में करीब 350 छात्राएं अध्ययनरत हैं। पिछले दो दिनों के दौरान यहां एक के बाद एक कुल 47 छात्राओं की तबीयत खराब हुई। बीमार छात्राओं को दोरनापाल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया गया।
उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर कुछ छात्राओं को वापस पोटाकेबिन भेज दिया गया है। वर्तमान में 23 छात्राओं का दोरनापाल स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है। वहीं, एक छात्रा की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए सुकमा जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
एक साथ बड़ी संख्या में छात्राओं के बीमार होने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद पोटाकेबिन की भोजन, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और छात्राओं के स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित