जयपुर , जनवरी 30 -- राजस्थान पुलिस की खुफिया शाखा ने सरहदी जिले जैसलमेर के पोखरण क्षेत्र में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने के आरोप में एक स्थानीय युवक को गिरफ्तार किया है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (खुफिया) प्रफुल्ल कुमार ने शुक्रवार को बताया कि राज्य में इंटर सर्विस इंटेलीजेंस (आईएसआई) की गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और इसी दौरान खुफिया सूचना मिली कि पोखरण के सांकड़ा थाना के नेडान गांव निवासी झबराराम (28 ) की गतिविधियां संदिग्ध हैं। तकनीकी जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार पाक हैंडलर्स के संपर्क में बना हुआ था।

पूछताछ और मोबाइल के तकनीकी परीक्षण में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी झबराराम को पाकिस्तानी एजेंसियों ने हनीट्रैप और धनराशि का लालच दिया था। इस लालच में आकर वह भारतीय सेना से संबंधित संवेदनशील सूचनाएं साझा कर रहा था। इतना ही नहीं, उसने अपने नाम से जारी सिम कार्ड का ओटीपी पाक हैंडलर्स को देकर व्हाट्सएप एक्टिवेट कराया, जिसका उपयोग देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जा रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित