चेन्नई , सितंबर 29 -- पॉन्डिचेरी विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय तकनीकी संस्थान (एनआईटी) नागालैंड ने दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक और शोध सहयोग को मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह एमओयू ' तीव्र नवाचार और शोध के लिए भागीदारी (पीएआईआर) नेटवर्क स्कीम के तहत हुआ है, जिसे 'अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन' (एएनआरएफ) का समर्थन प्राप्त है। इस योजना में पॉन्डिचेरी विश्वविद्यालय और एनआईटी नागालैंड सहयोगी संस्थान के तौर पर शामिल हैं, जबकि 'इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस बेंगलुरु' (आईआईएससी) मुख्य संस्थान के तौर पर काम कर रहा है।
विश्वविद्यालय के उप कुलपति प्रो. पी. प्रकाश बाबू ने देश भर के प्रमुख संस्थानों के साथ अपनी शोध भागीदारी को बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "जटिल वैज्ञानिक और सामाजिक चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर शोध करना बहुत ज़रूरी है। इस तरह के साझेदार संस्थानों को अपनी विशेषज्ञता, बुनियादी सुविधायें और विचारों को साझा करने में मदद करती हैं। इसके साथ ही छात्रों और शोध के लिए बेहतर अवसर भी पैदा करती हैं।"एनआईटी नागालैंड के निदेशक प्रो. ए. इलायापेरुमल ने एनआईटी नागालैंड और पॉन्डिचेरी विश्वविद्यालय के बीच लंबे समय से चले आ रहे शैक्षणिक और शोध संबंधों के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि एनआईटी नागालैंड पूर्वाेत्तर क्षेत्र का एकमात्र संस्थान है जो पीएआईआर प्रोजेक्ट में भाग ले रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह एमओयू प्रमुख संस्थानों के साथ शोध संबंधों को मजबूत करने के अवसर प्रदान करता है। उन्होंने दोनों संस्थानों के संकाय सदस्यों और छात्रों से मिलकर शोध करने और ऐसे संयुक्त प्रोजेक्ट्स विकसित करने का आग्रह किया जिनसे प्रभावशाली नतीजे मिल सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित