ऋषिकेश , फ़रवरी 28 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के रानीपोखरी क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के भीतर मिले मजदूर के शव के मामले में दून पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए शनिवार को सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है। महज 48 घंटे के भीतर पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद के बाद वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है।
26 फरवरी को नीम करौली मंदिर, धारकोट के पास एक निर्माणाधीन भवन के कमरे में एक व्यक्ति के चित अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को 108 एंबुलेंस के माध्यम से जौली ग्रांट अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत होने पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।
अगले दिन मृतक की पहचान बबलू पुत्र रिक्खी राम निवासी ग्राम जरही मोतीपुर, जनपद बहराइच (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। मृतक के भाई प्रमोद कुमार की तहरीर पर थाना रानीपोखरी में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर में मृतक के साथ मजदूरी करने वाले पप्पू साहनी पर हत्या का आरोप लगाया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के जरिए फरार आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी पप्पू साहनी पुत्र रामशरण निवासी बेगूसराय (बिहार) को भूइया मंदिर थानों रोड क्षेत्र से दबोच लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित