सागर , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के बिनायका थाना क्षेत्र में पैसों के विवाद में अपने पिता की हत्या कर शव को घास के नीचे छिपाने के आरोप में पुलिस ने पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ग्राम पिथौली निवासी जगरानी रावत (70) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पति खज्जू रावत घर से निकले थे, जिन्हें उनका पुत्र फूल सिंह उर्फ फुल्लू रावत अपने साथ ले गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। बाद में गांव के समीप एक टपरिया में घास के नीचे उनका शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में किसी भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की गई।
शिकायत के आधार पर बिनायका थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 238(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी फूल सिंह उर्फ फुल्लू रावत (35) को जंगल क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने पैसों के विवाद के चलते अपने पिता की हत्या कर शव को टपरिया में घास के नीचे छिपाने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के बयान की पुष्टि तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों से होने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित