कोंडागांव , नवंबर 03 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र में पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला पर अपने पति की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी पत्नी फगनी बाई (48) को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम अरण्डी खासपारा में दो नवंबर की सुबह गोविंद नेताम का शव उसके घर के कमरे में मिला था। सूचना पर थाना प्रभारी ऋतेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक के भाई मोहन नेताम (60) ने पुलिस को बताया कि गोविंद ने करीब तीन वर्ष पहले कांकेर जिले के ताड़ोकी गांव की निवासी फगनी बाई को पारंपरिक रीति से चूड़ी पहनाकर पत्नी बनाया था। शुरुआत में दोनों के संबंध सामान्य थे, लेकिन बाद में उनके बीच अक्सर विवाद होने लगा था।
पुलिस के मुताबिक, एक नवंबर की रात करीब आठ बजे से साढ़े ग्यारह बजे के बीच दोनों के बीच पैसों की मांग को लेकर विवाद हुआ था। पड़ोसियों ने भी झगड़े और महिला के चिल्लाने की आवाज सुनी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित