नोएडा , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-24 थाना पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित तीनों बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर मामले का खुलासा किया है। तीनों पर सेक्टर-54 स्थित जंगल में नाबालिग हैप्पी उर्फ आयुष शुक्ला की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। पूछताछ में सामने आया कि वारदात से पहले मृतक और तीनों बाल अपचारियों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था।

पुलिस ने गुरुवार घटना के संबंध जानकारी देते हुए बताया कि, गत सोमवार को मृतक की मां ने सेक्टर-24 थाना में अपने पुत्र हैप्पी उर्फ आयुष शुक्ला के लापता होने की सूचना देते हुए तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि गत शुक्रवार को सेक्टर-54 नोएडा के जंगल में एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। पुलिस ने शव की पहचान कराने की कार्रवाई शुरू की। 25 अगस्त को मुकदमा वादिया से शव की शिनाख्त कराई गई, जिसमें उन्होंने मृतक की पहचान अपने पुत्र हैप्पी उर्फ आयुष शुक्ला के रूप में की।

पहचान होने के बाद मुकदमे में हत्या से संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई और घटना में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई।

कल सेक्टर-24 पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित तीनों बाल अपचारियों को नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21ए के गेट नंबर-4 के पास से पुलिस अभिरक्षा में लिया।

पुलिस ने बताया कि तीनों बाल अपचारियों को नियमानुसार गौतमबुद्धनगर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि 16 अगस्त को तीनों बाल अपचारियों और हैप्पी उर्फ आयुष शुक्ला के बीच नोएडा सेक्टर-54 के जंगल में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस का दावा है कि विवाद के दौरान तीनों ने मिलकर हैप्पी उर्फ आयुष शुक्ला का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

इसके बाद शव सेक्टर-54 के जंगल में मिला था। पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए तीनों बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया।

सेक्टर-24 थाना पुलिस द्वारा, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धानाओं के तहत संबंधित थाना में दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष नियमानुसार की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित