चंडीगढ़ , जून 24 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री एवं पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की अध्यक्ष आरती सिंह राव ने कहा कि जनवरी 2026 में आयोजित पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं को जल्द ही एक विशेष समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

चंडीगढ़ में आयोजित पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने खिलाड़ियों के कल्याण और पैरा खेलों के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। बैठक में एसोसिएशन का तीन वर्षीय कार्यकाल पूरा होने के बाद नयी गवर्निंग बॉडी के गठन के लिए चुनाव कराने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में सितंबर 2026 में हरियाणा राज्य पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सुश्री राव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले सभी पैरा खिलाड़ियों के नकद पुरस्कार जल्द जारी करवाने के लिए खेल मंत्रालय को पत्र भेजा जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को समय पर प्रोत्साहन मिल सके।

उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि हरियाणा पिछले तीन वर्षों से राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लगातार चैंपियन बन रहा है। यह उपलब्धि खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

बैठक में महासचिव ज्योति कुमार छाबड़ा ने वर्ष 2025-26 के दौरान आयोजित विभिन्न पैरा खेल प्रतियोगिताओं और राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन की जानकारी दी। कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं खेल क्षेत्र से जुड़े कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित