अपराध पिता हत्याफर्रुखाबाद , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में मेरापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को पैतृक जमीन के विवाद में वृद्ध ग्रामीण की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के ग्राम नदौरा निवासी बदन सिंह यादव (75) गांव के किनारे टीनशेड डालकर अपने पुत्र नेकराम के साथ रहते थे। रविवार को नेकराम गेहूं की फसल काटने खेत पर गया था। दोपहर बाद जब वह वापस लौटा तो घर के अंदर अपने पिता का रक्तरंजित शव पड़ा देखा। शव पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे।

नेकराम ने पुलिस को बताया कि पैतृक जमीन को लेकर उसके बड़े भाई मोहन और पिता बदन सिंह के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। आरोप है कि मोहन जमीन अपने नाम कराना चाहता था और इसी विवाद के चलते उसने अपने पिता की हत्या कर दी तथा मौके से फरार हो गया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य संकलित करेगी। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया है तथा आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित