हैदराबाद , अप्रैल 14 -- राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के ख़िलाफ़ आईपीएल 2026 में डेब्यू करते हुए विदर्भ के दाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ प्रफ़ुल हिंगे ने सनराइज़र्स हैदराबाद (एसआरएच) को धमाकेदार शुरुआत दिलाते हुए अपने पहले ही ओवर में तीन विकेट निकाल लिए। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी के अलावा ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रीटोरियस को पवेलियन चलता कर दिया।
सीनियर स्तर पर 24 वर्षीय हिंगे का यह केवल दूसरा टी20 मैच था और उन्होंने ओवर की दूसरी ही गेंद पर सूर्यवंशी को चलता कर दिया। इसी ओवर में उन्होंने दो और विकेट निकाले और आईपीएल इतिहास में पारी के पहले ओवर में तीन विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज भी बन गए।
इसके बाद हर कोई यह पूछने लगा: यह प्रफ़ुल हिंगे कौन है?हिंगे ने अक्टूबर 2024 में विदर्भ के लिए प्रथम श्रेणी डेब्यू किया था और पिछले रणजी ट्रॉफ़ी सीजन में उन्होंने 11 पारियों में 26.37 की औसत से 16 विकेट हासिल किए थे। इस मुक़ाबले से पहले उन्होंने एकमात्र टी20 दिसंबर 2025 में सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी में खेला था जिसमें उन्होंने 23 रन देकर एक विकेट हासिल किया था। उन्होंने पिछले साल विदर्भ प्रो टी20 लीग में नेको मास्टर ब्लास्टर्स के ख़िताबी सीज़न में अहम भूमिका अदा की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित