बारां , मई 15 -- राजस्थान के बारां में पैट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी के विरोध में शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित चार मूर्ति चौराहे पर जिला महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन में महिलाओं ने तख्तियां और बैनर लेकर महंगाई के खिलाफ आक्रोश जताया।
वक्ताओं ने कहा कि पैट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन खर्च बढ़ता है, जिससे खाद्य सामग्री, सब्जियां और रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी हो जाती हैं। इसका सीधा असर आमजन, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण जनता महंगाई से परेशान है और सरकार राहत देने में विफल रही है। जल्द कीमतें वापस नहीं ली गईं तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित