टिहरी , सितंबर 08 -- उत्तराखंड में टिहरी गढवाल जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कृषि विपणन अवसंरचना एवं कृषि अवसंरचना कोष के अभिसरण से पैक्स के लिए अन्न भंडारण योजना के तहत चयनित समितियों और भंडारण निर्माण से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की गई।

सहायक निबंधक (सहकारिता) पान सिंह राणा ने बताया कि योजना के तहत जिले में मंजगांव, म्याणी, ढालवाला, कमांद और कोड़ियाला समितियों का चयन किया गया है। वहीं एमपैक्स कोड़ियाला के पोर्ट ट्रेडिंग स्थल परिवर्तन की जानकारी देते हुए बताया गया कि पूर्व स्थल पर मुख्य सड़क से प्रस्तावित गोदाम तक करीब 20 मीटर के ट्रैक पर पर्याप्त आवागमन मार्ग उपलब्ध नहीं था। इसके कारण ग्राम पंचायत नाई में नए स्थल का चयन किया गया है। जिलाधिकारी ने स्थल निरीक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ ही उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर को भी निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जनपद में पांच केंद्र खोलने का लक्ष्य है, जिसके लिए मलेथा, चंबा, मुखेम, चामाकेमर और ढालवाला का चयन किया गया है। इनमें चार केंद्रों को प्रारंभिक एवं सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि मलेथा, चंबा और ढालवाला केंद्रों को ड्रग लाइसेंस एवं स्टोर कोड भी प्राप्त हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने शेष प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, एडीएम शैलेंद्र नेगी, डीडीओ मोहम्मद असलम, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित