अमृतसर , अगस्त 18 -- स्वतंत्रता दिवस की भावना के अनुरूप पैंथर डिवीजन की ओर से शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देने, वीर नारियों के साहस एवं बलिदान को सम्मानित करने और महिला सशक्तीकरण का संदेश देने के उद्देश्य से मंगलवार को महिला बाइक रैली आयोजित की गयी।

रैली पुरानी अमृतसर छावनी से न्यू अमृतसर मिलिट्री स्टेशन स्थित डोगराई युद्ध स्मारक तक निकाली गयी।

रैली का नेतृत्व पैंथर डिवीजन की एफडब्ल्यूओ अध्यक्ष श्रीमती गुलमोहर कौरल कपूर ने किया, जबकि एफडब्ल्यूओ की उपाध्यक्ष श्रीमती संतोष छिल्लर ने रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। पैंथर डिवीजन के अधिकारियों, जेसीओ और अन्य रैंक के जवानों के परिवारों से संबंधित कुल 46 महिला बाइक सवारों ने उत्साहपूर्वक रैली में भाग लिया। डोगराई युद्ध स्मारक पहुंचने पर महिला प्रतिभागियों ने देश की रक्षा करते हुए ऐतिहासिक डोगराई युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय सेना के वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों के साहस, वीरता और बलिदान को नमन करते हुए देश की एकता और अखंडता की रक्षा में उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर महिलाओं के साथ एक विशेष संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें महिला सशक्तीकरण, आत्मविश्वास और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका से जुड़े विषयों पर चर्चा की गयी।

कार्यक्रम के दौरान वीर नारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके साहस, दृढ़ संकल्प, बलिदान और राष्ट्र के प्रति योगदान की सराहना की गयी।

आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम ने सशस्त्र बल समुदाय को देशभक्ति, गौरव, शहीदों की स्मृति और कृतज्ञता की साझा भावना से जोड़ने का सार्थक मंच प्रदान किया। महिला बाइक रैली के माध्यम से देशभक्ति, बलिदान, शहीदों के सम्मान और महिला सशक्तीकरण के मूल्यों को और मजबूत किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित