चंडीगढ़ , अगस्त 20 -- पंजाब के रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण तथा सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है।
श्री भगत ने वीरवार को चंडीगढ़ में पंजाब एक्स-सर्विसमैन कॉरपोरेशन (पेस्को) की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने निगम के कामकाज, कर्मचारियों के कल्याण और पूर्व सैनिकों को उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार के अवसरों की समीक्षा की। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पेस्को के तहत काम कर रहे सभी कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें 10 लाख रुपये का बीमा कवर प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार पेस्को कर्मचारियों को बेहतर सुरक्षा और कल्याण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में पेस्को के प्रबंध निदेशक मेजर जनरल हरमंदीप सिंह ने मंत्री को निगम की ओर से पूर्व सैनिकों को उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पेस्को के तहत 23,500 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं।
श्री भगत ने अधिकारियों को पेस्को के कामकाज में और सुधार लाने, पूर्व सैनिकों के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित