हमीरपुर , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मौदहा तहसील में उपजिलाधिकारी कार्यालय में पेशकार के अभद्र व्यवहार के विरोध में बार एसोसिएशन ने न्यायिक कार्यों से विरत रहने का निर्णय लिया है। बार एसोसिएशन मौदहा के अध्यक्ष शिवलाल पाल ने बताया कि जब तक उपजिलाधिकारी और संबंधित पेशकार का स्थानांतरण नहीं होता, तब तक अधिवक्ता न्यायिक कार्य नहीं करेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिवक्ता बरदानी प्रसाद किसी कार्य से उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे थे, जहां पेशकार पीयूष सक्सेना पर उनके साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप है। इस संबंध में अधिवक्ता ने उपजिलाधिकारी करणवीर सिंह से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
आरोप है कि इस दौरान उपजिलाधिकारी ने पेशकार का पक्ष लेते हुए अधिवक्ता से ही नाराजगी जताई और कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। इसकी सूचना मिलते ही बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और अन्य अधिवक्ता उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और विरोध दर्ज कराया, लेकिन स्थिति सामान्य न होने पर वे वापस लौट गए।
इसके बाद बार एसोसिएशन की आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उपजिलाधिकारी और पेशकार के स्थानांतरण तक न्यायिक कार्यों से विरत रहा जाएगा। साथ ही दो दिन बाद पुनः बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित