पौड़ी , मई 06 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने जिले में पेयजल संकट समेत विभिन्न जनसुविधाओं की समस्याओं को लेकर बुधवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
श्री पांडेय ने पेयजल, बिजली और रसोई गैस जैसी मूलभूत सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए विभागों को समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा।
पौड़ी शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आयुक्त ने जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पंपिंग योजनाओं के संचालन में विद्युत बाधा को देखते हुए 25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की तथा निर्देशित किया कि तीन दिनों के भीतर सभी प्रमुख पंपिंग योजनाओं में जनरेटर के रूप में वैकल्पिक बिजली व्यवस्था स्थापित की जाए। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और जल स्रोतों के पुनर्जीवन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पौड़ी और श्रीनगर में रसोई गैस की किल्लत और बैकलॉग की समस्या पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि गैस सिलेंडरों का वितरण केवल बुकिंग के आधार पर किया जाए। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए दोनों केंद्रों पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ा दी गई है।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने जानकारी दी कि पेयजल शिकायतों के निस्तारण के लिए पौड़ी और कोटद्वार में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। एक अप्रैल से अब तक प्राप्त 110 शिकायतों में से 99 का समाधान किया जा चुका है, जबकि शेष शिकायतों पर कार्रवाई जारी है।
बैठक में कंडोलिया पार्क के समीप सड़क पर जलभराव की समस्या पर भी चर्चा हुई। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पानी निकासी के लिए 10 मई से कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित