भरतपुर , जून 20 -- राजस्थान में भरतपुर जिले के बयाना के सिंघानखेड़ा गांव में पेयजल संकट से परेशान महिलाओं ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन करके यातायात अवरुद्ध कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुंडा तिराहे के पास हिंडौन राजकीय मार्ग अवरुद्ध होने से इस मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी। महिलाओं ने जलदाय विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

महिलाओं ने कहा कि करीब एक महीने से गांव में पेयजल संकट गहराया हुआ है। हैंडपंप और कुएं सूख गए हैं। नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने से इंसानों के साथ पशुओं के लिए भी पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है।

इस बीच रास्ता रुकने की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच महिलाओं को समझाकर रास्ता खुलवाया। रास्ता खुलने के बाद महिलाएं जलदाय विभाग के कार्यालय पहुंचीं और अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत कराया।

उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित