भरतपुर , सितम्बर 11 -- राजस्थान में भरतपुर के कल्याणपुर ग्राम पंचायत के नगला टीकैता में शुक्रवार को बर्तनों में पीने का पानी भरने के लिए ग्रामीणों के नल की टूटी खोलते ही पानी के साथ बड़ी संख्या में छोटी छोटी मछलियों के निकलने से पूरे गाँव मे हड़कंप मच गया।
चंबल पेयजल परियोजना के सूत्रों ने जानकारी मिलने पर जांच की बात कही है। ग्रामीणों ने इस घटना के बाद अपने आक्रोश जताते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि चंबल पेयजल परियोजना से जुड़े अधिकारी ग्रामीणों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं, जिससे पूरे गांव में महामारी फैलने की आशंका बन गयी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्षों से चंबल के इस पानी की टंकी की न तो सफाई हुई है और न ही इसे ऊपर से ढॅकने की जहमत उठायी गयी है।
ग्रामीणों ने कहा कि खुली टंकी में सड़ते पानी को बिना जांचे लोगों के घरों तक पहुंचाया जा रहा है। ग्रामीणों ने मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया है जिसमे नल के पानी के साथ निकलती मछलियां नालियों में बहती नजर आ रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित