चंडीगढ़ , मई 02 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिये हैं कि गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रदेश के सभी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाये और जलाशयों को भरकर रखा जाये।
सचिवालय में जन स्वास्थ्य एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने पेयजल और सिंचाई के पानी की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पानी की कमी नहीं आने दी जाये तथा आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों से भी पानी उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने ट्यूबवेल खराब होने पर उन्हें तुरंत ठीक करने के निर्देश भी दिये गये।
बैठक में बताया गया कि भाखड़ा बांध में इस बार पानी की स्थिति बेहतर है और जल स्तर सामान्य से 36 फुट अधिक है। हरियाणा ने अभी तक अपने हिस्से का करीब 75-76 प्रतिशत पानी ही उपयोग किया है।
मुख्यमंत्री ने नहरों से जुड़े जलघरों और तालाबों को भरकर रखने, नहरों की सफाई, मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य तेज करने के निर्देश दिये। अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में 4000 एकल गांवों के जलघर और 2500 बहु-गांव जलघर संचालित हैं, जिनमें फिलहाल पर्याप्त पानी उपलब्ध है।
उन्होंने केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के साथ किशाऊ और अन्य जल परियोजनाओं पर जल्द बैठक करने की बात कही। साथ ही गांवों में स्ट्रीट लाइट, फिरनी और पौधारोपण कार्यों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित