नयी दिल्ली , जुलाई 25 -- पेपर लीक रोकने के लिए कानून और सख्त करने वाला संशोधन विधेयक सोमवार को लोकसभा में पेश किया जायेगा।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में इस विधेयक के प्रारूप को मंजूरी प्रदान की थी।

लोकसभा की कार्यसूची के मुताबिक, प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह 'लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक , 2026' लोकसभा में पेश करेंगे। सरकार की योजना उसी दिन विधेयक पर चर्चा कराने की भी है।

यह विधेयक 'लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) विधेयक, 2024' में संशोधन करने के लिए लाया गया है। मूल विधेयक फरवरी 2024 में संसद से पारित किया गया था। हालांकि मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए हर साल आयोजित होने वाली नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद प्रतियोगिता परीक्षाओं के पेपर लीक के खिलाफ और कड़े प्रावधानों की मांग मुखर होने लगी थी। शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए संसद में विपक्षी दलों की ओर से और संसद के बाहर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन से सरकार पर इस तरह का विधेयक लाने का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था।

उल्लेखनीय है कि नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को शनिवार को मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद सीजेपी ने अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित