लखनऊ , जुलाई 23 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पेपर लीक से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों के गठन के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे युवाओं के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि पेपर लीक अपराध के विरुद्ध फास्ट ट्रैक अदालतों के गठन का निर्णय राष्ट्र की "निर्णायक आवाज" है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से नए भारत में प्रतिभा के साथ न्याय होगा, परिश्रम को सम्मान मिलेगा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को कानून के तहत शीघ्र, कठोर और निर्णायक दंड मिलेगा।
योगी ने कहा कि नए भारत में युवाओं का हित सर्वोपरि है और सरकार उनके भविष्य की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक के मामलों में सख्ती दिखाते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का ऐलान किया है।इसका मकसद दोषियों को जल्दी और कड़ी सजा दिलाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस पर तुरंत काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
श्री मोदी ने कहा कि देश के युवाओं का हित और भविष्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और यह फैसला छात्रों के हित में उठाए जा रहे कदमों की एक कड़ी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित