जयपुर , मई 13 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राष्ट्रीय योग्यता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को कहा कि केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) मामले की जांच कर रही है और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

श्री राठौड़ ने बयान जारी कर कहा कि केंद्र सरकार ने इस पूरे प्रकरण में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए परीक्षा रद्द कर विद्यार्थियों के हितों की रक्षा की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा की नीति भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसे अपराधों के खिलाफ "जीरो टॉलरेंस" की है। चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली या निकट का व्यक्ति क्यों न हो, कानून अपना काम करेगा और दोषियों को कठोर सजा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि संबंधित आरोपी की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि गहलोत साहब को गलत जानकारी है, बिना तथ्यों के भाजपा पर आरोप लगाने का प्रयास कर रहे हैं। जिस व्यक्ति को लेकर ये बात कर रहे है, वो हमारा कार्यकर्ता नहीं है। आजकल सार्वजनिक जीवन में किसी भी व्यक्ति के साथ फोटो खिंचवा लेना सामान्य बात है, लेकिन केवल फोटो के आधार पर किसी को पार्टी से जोड़ना उचित नहीं है। यहां स्पष्ट कर दूं कि हम किसी को बचाने का प्रयास नहीं कर रहे है।

श्री राठौड़ ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पेपर लीक का मामला केरल से शुरू हुआ और सोशल मीडिया के माध्यम से विभिन्न राज्यों तक पहुंचा। राजस्थान का इस पूरे प्रकरण में प्रत्यक्ष संबंध सामने नहीं आया है। उन्होंने केंद्र सरकार और एनटीए की सराहना करते हुए कहा कि परीक्षा परिणाम आने से पहले ही परीक्षा रद्द कर नई परीक्षा आयोजित करने का निर्णय विद्यार्थियों के हित में बड़ा और साहसिक कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित