नयी दिल्ली , जुलाई 23 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि सरकार पेपर लीक मामले पर सख्त सजा के प्रावधानों के साथ फास्ट ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था करने वाले एक कानून के मसौदे पर शुक्रवार को मंत्रिमंडल में फैसला करेगी और इससे संबंधित विधेयक संसद के इसी सत्र में लायेगी।

उन्होंने कहा कि विधेयक के मसौदे पर शुक्रवार को मंत्रिमंडल की बैठक में विचार किया जायेगा और विधेयक को मानसून सत्र के दूसरे सप्ताह में पारित करने के लिए रखा जा सकता है।

श्री मोदी ने देर रात जारी एक वीडियो संदेश में कहा, " पेपर लीक की घटनाएं कोई मामूली बात नहीं है, यह लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए बहुत पीड़ा दायक है।

इसलिए (नीट परीक्षा के) पेपर लीक की घटना के बाद से अब तक पिछले ढाई महीना में अनेक कदम उठाए गए हैं, गुनहगारों को पकड़ा गया है, वे जेल में पड़े हैं।"प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद सरकार के सामने सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी थी कि विद्यार्थियों का एक वर्ष बर्बाद ना हो इसलिए इसलिए तत्काल परीक्षाएं करना बहुत जरूरी था।

श्री मोदी ने कहा," सरकार ने अपनी पूरी शक्ति का उपयोग करके कम से कम समय में 22 लाख से अधिक विद्यार्थियों के लिए दोबारा परीक्षा का प्रबंध किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दोबारा कराई गई नीट परीक्षा के परिणाम अभी 19 तारीख को आ गए। देशभर से इस परीक्षा में उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों की खुशियों की खबरें भी आ रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित