चंडीगढ़ , जुलाई 31 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने केंद्र सरकार द्वारा पेपर लीक माफिया के खिलाफ बनाये गये सख्त कानून और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कड़े रुख का स्वागत करते हुए इसे छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाये रखने में विफल रहने का आरोप लगाया।

श्री ढिल्लों ने शुक्रवार को कहा कि श्री मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं छात्रों का मनोबल तोड़ती हैं, लेकिन केंद्र सरकार की सख्त कार्रवाई से देशभर के युवाओं में विश्वास और उम्मीद बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल के दौरान कई भर्ती और परीक्षा मामलों में गंभीर अनियमितताएं सामने आयीं, लेकिन सरकार मुख्य आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने में असफल रही। उन्होंने फरीदकोट फार्मेसी परीक्षा नकल प्रकरण, कक्षा 12 अंग्रेजी पेपर लीक, पंजाब टीईटी, पीएसएसएसबी ग्रुप-बी भर्ती और कृषि विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा सहित कई मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों में अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और इन घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए राज्य के शिक्षा मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

श्री ढिल्लों ने कहा कि जहां केंद्र सरकार पेपर लीक माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाकर सख्त कानून और आधुनिक तकनीक के जरिए परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित बना रही है, वहीं पंजाब सरकार परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर छात्रों का विश्वास मजबूत कर रही है, जबकि पंजाब सरकार वास्तविक दोषियों को बचाने का प्रयास कर युवाओं का मनोबल गिरा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जवाबदेही और पारदर्शिता का उदाहरण पेश कर रही है, जबकि पंजाब सरकार और उसके मंत्री अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता इस मुद्दे पर सरकार से जवाब जरूर मांगेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित