कुरुक्षेत्र , जून 06 -- राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा (नीट) समेत विभिन्न परीक्षा घोटालों और पेपर लीक मामलों को लेकर हरियाणा में युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास घेराव का आयोजन किया।

प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और बर्खास्तगी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। प्रदर्शन में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस सचिव प्रदीप नरवाल और हरियाणा युवा कांग्रेस अध्यक्ष निशित कटारिया भी मौजूद रहे।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए श्री चिब ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली सरकार के खिलाफ संघर्ष का शंखनाद हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक घोटालों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि जब युवा कांग्रेस कार्यकर्ता अपने अधिकारों की आवाज उठाने के लिए सड़कों पर उतरे तो प्रशासन ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया लेकिन इससे युवाओं का आंदोलन कमजोर नहीं होगा।

श्री चिब ने कहा, "पुलिस की लाठियां और पानी की बौछारें हमारे हौसलों को नहीं तोड़ सकतीं। जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त नहीं किया जाता, तब तक युवाओं की यह लड़ाई जारी रहेगी।" युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित