चंडीगढ़ , जुलाई 22 -- पंजाब कांग्रेस ने राज्य में लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक मामलों के विरोध में बुधवार को पूरे पंजाब में जिला स्तर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने आज सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि सभी जिलों में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और पंजाब की भगवंत मान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर उनके पुतले फूंके जाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मान सरकार के कार्यकाल में अब तक तीन बड़े पेपर लीक के मामले सामने आ चुके हैं, जिससे युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ हो रहा है। पार्टी ने कहा कि हालिया फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा से पहले 12वीं कक्षा की अंग्रेजी परीक्षा और पंजाब स्टेट टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट के पेपर भी लीक होने के आरोप लगे थे।
कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि पंजाब में छह महीने पहले सामने आए ग्रुप-बी भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले की अब तक कोई ठोस जांच नहीं हुई है। पार्टी का आरोप है कि इससे भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पार्टी ने कहा कि देशभर में नीट सहित लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर हुआ है। कांग्रेस के अनुसार केंद्र और राज्य की सरकारें युवाओं को न्याय दिलाने और निष्पक्ष भर्ती एवं परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही हैं।
पंजाब कांग्रेस ने सरकारों से परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि उसका स्पष्ट संदेश है कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित