पटना , जून 23 -- बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने मंगलवार को कहा कि परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने की लगातार घटनाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं के बार-बार रद्द किए जाने के खिलाफ कांग्रेस बिहार में एक बड़ा छात्र आंदोलन शुरू करेगी।
श्री अल्लावरू कहा कि इन घटनाओं से छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उनका भविष्य संकट में पड़ गया है।
बिहार कांग्रेस के प्रभारी ने पटना के सदाकत आश्रम में आयोजित बैठक में इस विषय पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, कन्हैया कुमार तथा अन्य नेताओं के साथ प्रस्तावित आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक की शुरुआत में नीट पेपर लीक विवाद के बाद कथित रूप से आत्महत्या करने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। पार्टी नेताओं ने छात्रों को न्याय दिलाने तथा शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं के खिलाफ संघर्ष तेज करने का भी संकल्प लिया।
श्री अल्लावारु ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वह प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने की जिम्मेदारी लें। उन्होंने कहा कि देशभर में बार-बार होने वाले पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने से लाखों छात्रों का भविष्य अनिश्चितता की ओर धकेला जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित