नयी दिल्ली , अगस्त 05 -- युवा कांग्रेस ने पंजाब में कथित पेपर लीक मामलों और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को चडीगढ़ में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने आरोप लगाया कि पंजाब में लगातार छह परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य के शिक्षा मंत्री और चिकित्सा शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए और जब तक ऐसा नहीं होता, युवा कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री तथा गृह मंत्री को जवाब देना चाहिए। प्रदर्शन में राष्ट्रीय महासचिव समृति रंजन लेंका, पंजाब युवा कांग्रेस अध्यक्ष शुभम देवगन और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित